रुड़की में सियासी तूफान, पूर्व मेयर गौरव गोयल कांग्रेस में शामिल होने को दिल्ली रवाना,कुछ कथित कोंग्रेसियो को मिला नया काम,,,
रुड़की।
अनवर राणा।
रुड़की की राजनीति में इस वक्त जबरदस्त हलचल और सियासी तूफान देखने को मिल रहा है। शहर के पूर्व मेयर गौरव गोयल ने बड़ा दांव खेलते हुए कांग्रेस में शामिल होने के लिए दिल्ली का रुख कर लिया है। गौरव गोयल अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं, जहां उनका भव्य स्वागत और कांग्रेस में औपचारिक प्रवेश तय माना जा रहा है। रवानगी के दौरान जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें साफ नजर आ रहा है कि समर्थकों का भारी जनसैलाब उनके साथ खड़ा है। ढोल-नगाड़ों और जोशीले नारों के बीच यह काफिला दिल्ली की ओर बढ़ा, जिसने साफ संकेत दे दिया कि रुड़की की सियासत में अब एक बड़ा बदलाव दस्तक दे चुका है। पूर्व मेयर के तौर पर गौरव गोयल पहले ही शहर में अपनी मजबूत पकड़ बना चुके हैं। उनके कार्यकाल में किए गए कामों ने उन्हें एक प्रभावशाली नेता के रूप में स्थापित किया। ऐसे में उनका कांग्रेस का दामन थामने के लिए इस तरह शक्ति प्रदर्शन के साथ निकलना, सीधे तौर पर राजनीतिक संदेश देता नजर आ रहा है। राजनीतिक गलियारों में इस कदम को ‘गेम चेंजर’ के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि गौरव गोयल की एंट्री से न केवल कांग्रेस को मजबूती मिलेगी, बल्कि विरोधी खेमों की रणनीतियां भी हिल सकती हैं। फिलहाल, रुड़की से दिल्ली तक यही चर्चा गर्म है कि यह सियासी चाल आने वाले दिनों में किस करवट बैठती है।

