रुड़की की कोर यूनिवर्सिटी में गुंडाराज, सरेआम छात्र की बेहरमी से पिटाई का वीडियो वायरल….
रुड़की।
रुड़की से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ शिक्षा के मंदिर में सरेआम गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। रुड़की तहसील के बहादराबाद थाना क्षेत्र स्थित कोर यूनिवर्सिटी में करीब आधा दर्जन अज्ञात दबंगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। बेल्टों और लात-घूंसों से हुई इस मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इन तस्वीरों देखिए… कैंपस के भीतर बेखौफ घूमते ये दबंग युवक कैसे एक निहत्थे छात्र को बेहरमी से पीट रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, हमलावरों की संख्या आधा दर्जन से अधिक थी, जिन्होंने कॉलेज परिसर के भीतर घुसकर युवक को निशाना बनाया।
हैरानी की बात तो यह है कि यूनिवर्सिटी के सुरक्षा गार्ड मौके पर मौजूद थे, लेकिन वे इन हमलावरों के आगे पूरी तरह बेबस और ‘बौने’ नजर आए। सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने यूनिवर्सिटी प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
पीड़ित युवक रुड़की की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के जबरदस्तपुर गाँव का निवासी बताया जा रहा है। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पीड़ित के परिजनों ने बहादराबाद थाने में तहरीर देकर सख्त कार्यवाही की मांग की है इस घटना के बाद से यूनिवर्सिटी के छात्रों में भारी आक्रोश व्याप्त है। छात्रों का सवाल है कि अगर कैंपस के भीतर भी वे सुरक्षित नहीं हैं, तो फिर भारी-भरकम फीस और सुरक्षा के दावों का क्या मतलब? फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है, लेकिन सवाल अब भी वही है इन दबंगों को कानून का खौफ कब होगा?

