पारिवारिक अनबन के बाद मायके गई पत्नी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए पति ने की आत्महत्या
हरिद्वार/रुद्रपुर:
पंतनगर सिडकुल क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक अनबन के बाद मायके गई पत्नी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए पति ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सलेमपुर महदूद, बहादराबाद (हरिद्वार) निवासी जावेद आरिफ के रूप में हुई है, जो रुद्रपुर स्थित वोल्टास कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
पुलिस के मुताबिक, जावेद आरिफ अपनी पत्नी अजरा और बच्चों के साथ रुद्रपुर की पॉश कॉलोनी मेट्रोपोलिस में रहते थे। कुछ समय पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था, जिसके बाद पत्नी बच्चों को लेकर अपने मायके उत्तर प्रदेश चली गई थीं। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर जावेद मानसिक तनाव में थे।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे अजरा ने जावेद को वीडियो कॉल की। बातचीत के दौरान जावेद ने पत्नी को फांसी का फंदा दिखाते हुए आत्महत्या करने की बात कही। इससे पहले कि पत्नी कुछ समझ पाती, जावेद ने कॉल पर ही गले में फंदा डाल लिया। यह दृश्य देखकर अजरा घबरा गईं और तुरंत कॉल काटकर पड़ोसी को फोन कर जानकारी दी।
पड़ोसी जब मौके पर पहुंचे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन्होंने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पत्नी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा और अंदर जाकर देखा तो जावेद फंदे से लटके हुए थे।
पुलिस ने तुरंत उन्हें नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट के अनुसार प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव किस कदर खतरनाक मोड़ ले सकते हैं।

