गर्म हवाओं का कहर जारी, अस्पतालों में मरीजों की संख्या में उछाल,,,

गर्म हवाओं का कहर जारी, अस्पतालों में मरीजों की संख्या में उछाल,,,

गर्म हवाओं का कहर जारी, अस्पतालों में मरीजों की संख्या में उछाल,,,

रुड़की।

इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है। लगातार बढ़ते तापमान और तपती धूप ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि मंगलौर के सरकारी अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या में अचानक बड़ा इजाफा देखने को मिल रहा है। खासकर डीहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और पेट से जुड़ी बीमारियों के मरीज बड़ी संख्या में उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। अस्पताल में दवाओं और बेड की पर्याप्त व्यवस्था है ताकि किसी भी मरीज को परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान मंगलौर चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंभीर तालियान ने बताया कि इन दिनों अस्पताल में आने वाले अधिकांश मरीज शरीर में पानी की कमी और पेट संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गंभीर स्थिति में पहुंचने वाले मरीजों को तत्काल भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है और उनकी हालत स्थिर करने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। अस्पताल का महिला वार्ड भी पूरी तरह तैयार रखा गया है। डॉक्टरों ने लोगों से दोपहर के समय बेवजह घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही अधिक से अधिक पानी पीने, तरल पदार्थों का सेवन करने और बासी या दूषित भोजन से बचने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी इस मौसम में बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसे में सावधानी ही बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।

उत्तराखंड