रुड़की से गरजे केंद्रीय मंत्री अठावले,चुनाव 2027 को लेकर दिया बड़ा बयान,,,
रुड़की।
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास अठावले ने बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। रुड़की में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में अठावले ने साफ कहा कि अगर भाजपा गठबंधन के तहत आरपीआई को तीन से चार सीटें देती है तो पार्टी भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी लेकिन यदि गठबंधन नहीं होता है तो आरपीआई अपने दम पर 10 से 12 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। रुड़की में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में संगठन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष सेठपाल सिंह ने कहा कि पार्टी गांव-गांव और जनसभाओं के माध्यम से संगठन को मजबूत करने में जुटी है और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस दौरान रहीमपुर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हसीब आलम ने अपने समर्थकों के साथ आरपीआई की सदस्यता ग्रहण की।

