पंचक समाप्त होते ही कांवड़ यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, सुरक्षा व्यवस्था और सख्त,,,
रुड़की।
अनवर राणा।
पंचक समाप्त होते ही हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले शिवभक्तों की संख्या में भारी इज़ाफा हो गया है। रुड़की से लेकर नारसन बॉर्डर तक कांवड़ियों का लगातार तांता लगा हुआ है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को और सख्त कर दिया है।
हरिद्वार से जल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे लाखों शिवभक्त अब रुड़की और नारसन मार्ग से गुजर रहे हैं। पूरे कांवड़ मार्ग पर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। वहीं पुलिस अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतज़ाम किए गए हैं।

