27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार; दो वाहन समेत ब्लड कलेक्शन का सामान जब्त,,,
लक्सर।
रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में कथित रूप से अवैध तरीके से रक्त एकत्र करने वाले गिरोह का लक्सर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बिना अनुमति गांव-देहात में ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर लोगों से रक्त एकत्र करने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, रक्त संग्रह और जांच से संबंधित उपकरण तथा दो वाहन बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 अगस्त को लक्सर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग संगठित रूप से गांव-देहात में बिना आवश्यक अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगा रहे हैं। आरोप है कि इन कैंपों में लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर रक्त एकत्र किया जा रहा था और उसे अधिक कीमत पर अन्य राज्यों में बेचने का प्रयास किया जा रहा था।
सूचना के बाद चौकी सुल्तानपुर प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी और चौकी भिक्कमपुर प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली।
स्विफ्ट कार की डिग्गी में रखे आइस बॉक्स से 27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग बरामद हुए। साथ ही रक्त संग्रह, जांच और माप से संबंधित उपकरण भी मिले। दूसरी ओर स्कॉर्पियो एन कार से चार डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड तथा हाथ बांधने वाली चार बेल्ट बरामद की गईं।

