खानपुर की सियासत में एक बार फिर पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने मौजूदा निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के खिलाफ खोला मोर्चा,,,
दो पुलों की मंजूरी का श्रेय लेकर चैंपियन का उमेश कुमार पर तीखा हमला, बोले- साढ़े चार साल में सिर्फ हुई ड्रामेबाजी,,,
रुड़की/खानपुर
अनवर राणा।
खानपुर की सियासत में एक बार फिर पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने मौजूदा निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। चैंपियन ने उमेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि खानपुर विधानसभा क्षेत्र में साढ़े चार साल के दौरान विकास के नाम पर सिर्फ ड्रामेबाजी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि न डिग्री कॉलेज आया, न बिजलीघर बना, न बांध की मरम्मत हुई और न ही मंडी का विस्तार हुआ। वहीं चैंपियन ने दावा किया कि बिना किसी विधायक पद पर रहते हुए भी उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से खादर क्षेत्र के लिए दो बड़े पुलों की स्वीकृति दिलवा दी है। उन्होंने इसे दीपावली पर क्षेत्र की जनता के लिए बड़ा तोहफा बताया। दरअसल, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए बताया कि 4 जुलाई 2025 को उन्होंने मुख्यमंत्री से गिद्दावली बाणगंगा घाट और सोलानी नदी घाट पर पुल निर्माण की घोषणा कराई थी। इसके बाद शासनादेश जारी हुआ और संबंधित फाइल जिला स्तर से शासन तक पहुंची। चैंपियन के मुताबिक उन्होंने पीडब्ल्यूडी सचिव पंकज पांडे और विभागीय मंत्री सतपाल महाराज से मुलाकात कर दोनों पुलों की फाइल को आगे बढ़वाया। अब मुख्यमंत्री ने दोनों पुलों के निर्माण को स्वीकृति दे दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही दोनों पुलों का शिलान्यास होगा जिससे खादर क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। चैंपियन ने कहा कि भले ही आज उनके पास कोई संवैधानिक पद नहीं है लेकिन वह अपने क्षेत्र के लोगों के मुख्य सेवक हैं और इसी जिम्मेदारी को निभाते हुए लगातार क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि जनता के हितों के लिए काम करने के लिए विधायक की कुर्सी होना जरूरी नहीं है। इस दौरान चैंपियन ने मौजूदा विधायक उमेश कुमार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि साढ़े चार साल के कार्यकाल में खानपुर क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ गया है। न डिग्री कॉलेज की स्थापना हुई, न बिजलीघर बना, न बांध की मरम्मत हुई और न ही मंडी का विस्तार हो सका। चैंपियन ने कहा कि क्षेत्र की जनता को विकास की उम्मीद थी, लेकिन उनके हिस्से में केवल ड्रामेबाजी आई है। पूर्व विधायक ने अपने पुराने कार्यकाल का जिक्र करते हुए बिरला टायर्स फैक्ट्री के माध्यम से हजारों युवाओं को रोजगार दिलाने का दावा किया। साथ ही उन्होंने खानपुर क्षेत्र में भी बड़ी फैक्ट्री लाने की बात कही। चैंपियन ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा सियासी ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी से टिकट मिला तो ठीक, अन्यथा निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने खानपुर और लक्सर दोनों विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ने की तैयारी के संकेत दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धन्यवाद करते हुए कहा कि दोनों पुलों की स्वीकृति खादर क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। खानपुर की सियासत में दो पुलों की स्वीकृति के बहाने चैंपियन ने एक बार फिर उमेश कुमार के खिलाफ सियासी मोर्चा खोल दिया है। दोनों नेताओं के बीच पहले भी सोशल मीडिया पर कई बार जुबानी जंग देखने को मिल चुकी है।

