भागवत कथा सुनने से कलयुग में पाप से मुक्ति मिलती है:भारती
(देशराज) रुड़की। श्री सिद्धपीठ सिद्धेश्वर महादेव मंदिर,मानक चौक- मंगलौर स्थित चल रही सात दिवसीय श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ कथा में काकशिला पीठाधीश्वर श्री महंत प्रज्ञा भारती ने कहा कि भागवत कथा सुनने से कलयुग में पाप से तो मुक्ति मिलती है,वहीं श्रीमद् भागवत में वह ज्ञान का भंडार भी मौजूद है,जिसके श्रवन से भक्तों को मोक्ष की प्राप्ति भी होती है। कथा के चौथे दिन श्री महंत प्रज्ञा भारती ने कहा कि भागवत कथा के श्रवण से व्यक्ति में उत्तम चरित्र का निर्माण होता है तथा वह स्वयं को सबल बनाकर धर्म के मार्ग पर चल कर अपना जीवन उत्तम बनाता है। उन्होंने मां की महिमा का भी वर्णन करते हुए कहा कि मां ही से बच्चों में अच्छे संस्कार उत्पन्न होते हैं तथा मां ही मनुष्य निर्माण की प्रथम पाठशाला भी है। उन्होंने कहा कि जो अपने मां-बाप की सच्ची सेवा करता है वही मनुष्य जन्म-जन्मांतर के विकारों से मुक्त हो जाता है। महामंडलेश्वर स्वामी मैत्री गिरि जी महाराज ने भी कथा में उपस्थित भक्तों को भागवत कथा की महिमा बताई तथा कहा कि भागवत कथा के श्रवण से कलयुग में आज भी इसका प्रत्यक्ष प्रमाण देखने को मिलता है कि मनुष्य में कथा के श्रवण से धर्म भक्ति एवं अच्छे संस्कारों की उत्पत्ति होती है। कथा में पहुंचे भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री गौरव गोयल को महंत प्रज्ञा भारती द्वारा आशीर्वाद स्वरूप पटका एवं रुद्राक्ष की माला भेंटकर सम्मानित किया गया तथा उन्होंने आरती पूजा में भी भाग लिया। इस अवसर पर साध्वी डॉ.निर्मला गिरी,नवीन शर्मा एडवोकेट,विकास शर्मा, डॉक्टर विवेक,डॉ.केशव शर्मा, एस.गुप्ता,नीरज शिवा,अनूप शर्मा,मनोज तोमर सहित बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।