रानी देवयानी ने आगामी 2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओ में भरा जोश,प्रणव का ऐलान दो सीटों से लड़ेंगे चुनाव,,,
रुड़की/लंधौरा
अनवर राणा।
उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। खानपुर से भाजपा के निवर्तमान विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने लंढौरा स्थित ऐतिहासिक रंगमहल में आयोजित कार्यकर्ता बैठक के दौरान बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में खानपुर और लक्सर दोनों सीटों से भाजपा का टिकट मांगेंगे और मजबूती के साथ अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
बैठक में विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक पहुंचे। चैंपियन ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए दोनों विधानसभा क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए दल्लावाला कन्या डिग्री कॉलेज की मंजूरी का भी जिक्र किया।
चैंपियन ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ा है। उन्होंने सामाजिक भाईचारा मजबूत करने और सभी समाजों को साथ लेकर चलने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न समुदायों के लोग उनसे अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं।
भाजपा से दोनों सीटों पर मांगेंगे टिकट
चैंपियन ने स्पष्ट किया कि वह भाजपा में हैं और दोनों विधानसभा सीटों से पार्टी का टिकट मांगेंगे। हालांकि, टिकट देने का अंतिम निर्णय भाजपा नेतृत्व करेगा। ऐसे में उनकी इस घोषणा से खानपुर और लक्सर की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बैठक में रानी देवयानी ने भी चुनावी तैयारियों का आगाज करने और भाजपा से टिकट मांगने की बात कही। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं से भविष्य की योजनाओं और चुनावी रणनीति पर सुझाव लिए गए।

